नीमच। जिले की सिंगोली तहसील के ग्राम रामपुरिया के ग्रामीणों ने वन परिक्षेत्र 215 की खाली भूमि पर वन अधिकार कानून के तहत कृषि पट्टे दिए जाने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उनके पास आजीविका चलाने के लिए कोई निजी जमीन नहीं है, जिसके कारण वे गंभीर बेरोजगारी और आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। ज्ञापन में बताया गया कि लगभग 30-35 वर्ष पूर्व वे इस भूमि पर खेती करते थे, किंतु वर्तमान में वन विभाग के अधिकारी उन्हें रोका रहे हैं। ग्रामीणों ने स्वीकार किया कि पहले जानकारी के अभाव में वे पट्टों के लिए आवेदन नहीं कर पाए थे।
उन्होंने मांग की है कि पुनः आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाए और उन्हें खेती के लिए भूमि आवंटित की जाए ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। ग्रामवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे और सिंगोली क्षेत्र में चक्काजाम भी करेंगे। उन्होंने कहा कि यह उनका हक है और न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।