नीमच। नवरात्रि पर्व पर मां भादवा के दरबार में दर्शन हेतु नीमच और मनासा से हजारों भक्त पैदल यात्रा कर पहुंचते हैं। इन यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा मार्ग में सेवा स्टॉल लगाए जाते हैं। इसी क्रम में प्रेस क्लब जिला नीमच एवं श्री JCRC चौधरी इंस्टिट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में इस बार भी अष्टमी के दिन जवासा से भादवा माता मार्ग पर स्वल्पाहार एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
प्रेस क्लब जिला नीमच के अध्यक्ष अजय चौधरी ने बताया कि प्रेस क्लब हमेशा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। पिछले वर्ष से प्रारंभ हुई इस सेवा परंपरा को इस बार भी जारी रखा जा रहा है। शिविर में पैदल यात्रियों और भक्तों को स्वल्पाहार व विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि मां भादवा, जिन्हें मालवा की वैष्णो देवी भी कहा जाता है, के दरबार में नीमच-मनासा ही नहीं बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों से भी श्रद्धालु आते हैं। पिछली नवरात्रि में इंदौर से पैदल यात्रा कर आए भक्तों ने भी प्रेस क्लब द्वारा लगाए गए स्टॉल पर सेवा का लाभ लिया था और गहरी प्रसन्नता व्यक्त की थी।
चौधरी ने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया है कि वे नवरात्रि के इस पावन अवसर पर मां भादवा के दरबार में शामिल होकर प्रेस क्लब जिला नीमच के सेवा शिविर का लाभ अवश्य उठाएं।