नीमच। क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ शनिवार को विश्व हिंदू परिषद द्वारा उपनगर बघाना में 12वीं विशाल चुनरी यात्रा निकाली गई। यह धार्मिक आयोजन पिछले छह वर्षों से प्रतिवर्ष नवरात्रि पर आयोजित किया जा रहा है।
यात्रा का शुभारंभ पुलकितानंद महादेव मंदिर से हुआ, जिसमें सर्व समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और 75 फीट लंबी चुनरी लेकर चलीं। यह विशाल चुनरी यात्रा धनेरिया रोड, संतोषी माता गली, अहिर मोहल्ला, फतेह चौक, होली चौक सहित बघाना के प्रमुख मार्गों से गुजरी।
विभाग गोरक्षा प्रमुख लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने बताया कि यह चुनरी यात्रा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के उद्देश्य से निकाली जाती है। यात्रा रेलवे फाटक स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर माता जी को चुनरी अर्पित करने के साथ संपन्न हुई।
इसके बाद विधिवत आरती एवं प्रसादी वितरण किया गया। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया, जिससे पूरा उपनगर भक्तिमय वातावरण में डूब गया