नयागांव। फोरलेन पर स्थित नयागांव क्षेत्र में बीएसएनएल की मोबाइल सेवा पिछले आठ दिनों से पूरी तरह ठप्प पड़ी हुई है। टावर सिग्नल न मिलने से उपभोक्ता भारी परेशानी झेल रहे हैं। कई लोग अपने मोबाइल खराब समझकर मोबाइल शॉप पर चक्कर लगा रहे हैं।
इस बीच कुछ उपभोक्ताओं ने मजबूरी में प्राइवेट कंपनियों की सिम खरीद ली है, जबकि कई जिन्होंने हाल ही में अपनी सिम बीएसएनएल में पोर्ट करवाई थी, अब खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। खासतौर से महिला उपभोक्ताओं में नाराज़गी है, क्योंकि वे बीएसएनएल के कम रिचार्ज दरों के कारण इसका उपयोग करती थीं।
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि नयागांव में न तो कोई बीएसएनएल अधिकारी मौजूद रहता है और न ही शिकायत के लिए कोई संपर्क नंबर उपलब्ध है। जावद बीएसएनएल कार्यालय के एसडीओ विनय से शिकायत करने पर उन्होंने “देखते हैं” कहकर बात टाल दी, लेकिन दो दिन गुजरने के बावजूद स्थिति जस की तस है।
लोगों ने याद दिलाया कि पूर्व में जब एसडीओ मीणा थे, तो शिकायत पर तुरंत कार्रवाई कर समस्या हल की जाती थी। वर्तमान अधिकारी अब तक नयागांव कार्यालय आकर स्थिति तक नहीं देख पाए हैं।
ग्राहकों का कहना है कि यदि समस्या शीघ्र हल नहीं हुई तो वे मजबूरी में निजी कंपनियों की ओर रुख करेंगे। उपभोक्ता इस मामले में केंद्रीय मंत्री सिंधिया को भी पत्र भेजने की तैयारी में हैं।