नीमच। प्रसिद्ध पार्श्वगायक और संगीतकार सतीश देहरा ने रविवार को संगीत प्रेमी गुरुबच्चन नरवले के म्यूजिक रूम पर शहर के पत्रकारों से मुलाकात की। इस दौरान संगीत प्रेमियों ने साफा पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
देहरा ने बताया कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत रामानंद सागर के धारावाहिक रामायण से की थी, जिसमें उन्होंने संगीतकार रविन्द्र जैन के निर्देशन में भजन और चौपाइयाँ गाईं। उन्होंने फिल्म हीना में लता मंगेशकर के साथ गाना गाया है तथा श्रीकृष्ण, साईं बाबा जैसे कई धारावाहिकों में भी अपनी आवाज़ दी है। इसके अलावा उन्होंने राजस्थानी और गुजराती फिल्मों में भी संगीत दिया है।
वर्तमान में देहरा निंबाहेड़ा दशहरा मेले में रामनिवास त्यागी के निर्देशन में चल रही रामलीला में चौपाइयाँ और भजन प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि नीमच निवासी गौरीशंकर शर्मा के संगीत निर्देशन में बनी फिल्म स्वामी नारायण में भी उन्होंने गीत गाए हैं।
पत्रकारों के आग्रह पर देहरा ने कुछ चौपाइयाँ और फिल्मी गीत भी सुनाए, जिनसे उपस्थित श्रोतागण भाव-विभोर हो गए।