मनासा। सप्तमी के पावन अवसर पर श्री राम सेन और ग्रामवासियों के सहयोग से भव्य चुनर यात्रा का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर भक्तों से भर गया। ढोल-ढमाकों और माता रानी के जयकारों के बीच गांव के बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
यात्रा ग्राम के मुख्य मार्गों से होकर निकली। ग्रामवासियों ने घर-घर और प्रमुख स्थानों पर स्वागत द्वार बनाकर यात्रा का स्वागत किया। महिलाएं आरती उतारकर माता रानी की चुनर को प्रणाम कर रही थीं।
बाहर से आए श्रद्धालुओं ने भी माता रानी के दर्शन कर चुनर अर्पित की और उनके चरणों में नमन किया। श्रद्धालुओं ने कहा कि आतरी माता के दरबार में आकर उन्हें आत्मिक शांति और सुख की अनुभूति होती है।
ग्रामवासियों ने बताया कि सप्तमी पर यह चुनर यात्रा हर वर्ष आयोजित की जाती है और यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। यात्रा से धार्मिक आस्था के साथ-साथ गांव में आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता भी मजबूत होती है।
यात्रा के समापन पर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया और भक्तों ने दीप प्रज्ज्वलित कर माता रानी के आशीर्वाद प्राप्त किए। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरण किया गया।