चित्तौड़गढ़। राशमी थाना पुलिस ने वर्ष 2014 से जारी न्यायिक स्थाई वारंटी में फरार चल रहे 48 वर्षीय राधेश्याम उर्फ लाला पुत्र नंदराम ब्राहमण को भीलवाड़ा से गिरफ्तार किया है। आरोपी दड़बा थाना राशमी का निवासी है और 11 वर्षों से अपनी पहचान छुपाकर जयपुर, अजमेर और भीलवाड़ा में किराए के मकानों में रह रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि एएसपी सरीता सिंह और डीएसपी रामेश्वर लाल के निर्देशन में थानाधिकारी राशमी प्रेमसिंह के सुपरविजन में आरोपी की गिरफ्तारी की गई। पुलिस टीम ने भीलवाड़ा में उसके किराए के मकान का पता लगाया। जब पुलिस ने उससे संपर्क किया, तो आरोपी ने अपना नाम पहले अशोक प्रजापत बताया, लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद उसने अपनी असली पहचान राधेश्याम उर्फ लाला बताई।
आरोपी को तत्काल डिटेन कर गिरफ्तार किया गया और सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तारी में कांस्टेबल विनोद कुमार और गोपीराम का विशेष योगदान रहा।