चित्तौड़गढ़। जिले के विभिन्न थानों में मादक पदार्थों की तस्करी में जब्त 20 वाहनों का मंगलवार को निम्बाहेड़ा स्थित वंडर टाउन हॉल में खुली बोली द्वारा निस्तारण किया गया। नीलामी से सरकार को लगभग 25 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
इस नीलामी में 3 दोपहिया, 15 चौपहिया और 2 भारी वाहन शामिल थे। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अफीम उत्पादन क्षेत्र होने और राज्य सीमा से सटा होने के कारण जिले में तस्करी प्रकरण अधिक दर्ज होते हैं, जिससे थानों के मालखाने वाहनों से भर जाते हैं। इसी के चलते इन्हें नियमानुसार नीलाम किया गया।
नीलामी प्रक्रिया पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी की अध्यक्षता में गठित समिति की देखरेख में हुई, जिसमें एएसपी सरिता सिंह, अपराध सहायक जोधाराम गुर्जर, उप कोषाधिकारी कैलाश भराडिया, कनिष्ठ लेखाधिकारी एवं परिवहन विभाग के प्रतिनिधि शामिल रहे।
इस नीलामी में चित्तौड़गढ़ के अलावा उदयपुर, भीलवाड़ा, जोधपुर, कोटा व मध्यप्रदेश से भी बोलीदाता पहुंचे। सभी 20 वाहनों को उच्चतम बोली लगाने वालों को स्वीकृत कर अग्रिम कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
एसपी त्रिपाठी ने बताया कि जिले में मादक पदार्थ तस्करी में जब्त अन्य वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया आगे भी निरंतर जारी रहेगी।