मंदसौर। प्रदेश में चल रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत मंदसौर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना नाहरगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4 किलो 600 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा एवं एक एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। जब्त माल की कुल कीमत लगभग 96 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक विनोद मीणा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टीएस बघेल और एसडीओपी मंदसौर कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नाहरगढ़ निरीक्षक वरुण तिवारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 30 सितंबर 2025 को कार्यवाहक सउनि रशीद पठान को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति एक्टिवा स्कूटी में अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने डिगांव–कचनारा रोड, शक्करखेड़ी फंटा ग्राम शक्करखेड़ी पर नाकाबंदी की।
इसी दौरान एक एक्टिवा (क्रमांक MP14 NF 2663) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें चालक शाहरुख पिता फारुक कुरैशी, उम्र 29 वर्ष, निवासी सीतामऊ फाटक, मंदसौर के कब्जे से एक काले कट्टे में 4 किलो 600 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर थाना नाहरगढ़ में अपराध क्रमांक 353/25 धारा 8/20, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी से गांजा की सप्लाई श्रृंखला और स्रोतों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
जब्त माल
गांजा – 4 किलो 600 ग्राम (कीमत लगभग 46,000 रुपये)
एक्टिवा स्कूटी MP14 NF 2663 (कीमत लगभग 50,000 रुपये)
सराहनीय योगदान-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी वरुण तिवारी, सउनि रशीद पठान, आरक्षक 513 मनीस दास बैरागी, आरक्षक 399 ईश्वर गेहलोद, आरक्षक 479 जुझार सिंह एवं चालक आरक्षक 411 लियाकत मेव की सराहनीय भूमिका रही।