नीमच। पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के तहत 12 अक्टूबर को जिले का जीरो से 5 वर्ष तक की आयु का कोई भी बच्चा पोलियों खुराक पीने से वंचित ना रहे। उक्त निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अमन वैष्णव ने पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान 12 अक्टूबर के सफल आयोजन हेतु आयोजित जिला टास्क फोर्स की बैठक में दिए।
वैष्णव ने कहा कि देश एवं प्रदेश के साथ ही वर्तमान में नीमच जिला पोलियो मुक्त है इस पर विजय बरकरार रखने के लिये निरंतर निगरानी एवं सघन रूप से बच्चों को वर्ष में एक बार पोलियों की दवाई पिलाना आवश्यक है। वैष्णव ने कहा कि एक भी बच्चा छूटना नही चाहिए, एक भी बच्चा छूटा तो सुरक्षा चक्र टूट जावेगा तथा पुनः पोलियो की संभावना से इंकार नही किया जा सकता । वैष्णव ने बैठक को संबोधित करते हुए पोलियो अभियान संचालित करने वाले समस्त विभागो को निर्देशित किया कि इस कार्य में बिलकुल लापरवाही न की जाये तथा प्रयास यह किया जावे कि प्रथम दिवस को बूथ पर शतप्रतिशत बच्चों को दवाई पिलाई जावे। इस कार्य में महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, जन अभियान परिषद आपसी समन्वय से कार्य करे, विकासखण्ड स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी इस अभियान का नेतृत्व करेंगे तथा उनकी अध्यक्षता में ब्लाक स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक शीघ्रता से पूर्ण कर तैयारियों की समीक्षा करे।
वैष्णव ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि निजी शिक्षण संस्थानों में जहॉं 0 से पाचॅ वर्ष तक के बच्चे अध्यनरत है वहां पर यह सुनिश्चित हो कि प्रत्येक बच्चे ने दवाई की खुराक ले ली है। साथ ही महिला एंव बाल विकास विभाग 12 अक्टूबर को आंगनवाडी केन्द्र चालू रखते हुए बच्चौ के लिये विशेष मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था करे।जिससे बूथ दिवस पर अधिकतम कवरेज किया जा सके। जिला स्तर से स्वास्थ्य विभाग के साथ ही अन्य विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी अभियान की मानिटरींग करना सुनिश्चित करे। इस कार्य में एन.सी.सी. एवं एन.एस.एस. के बच्चों का भी सहयोग प्राप्त करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा.आर.के. खद्योत ने बताया, कि पल्स पोलियों अभियान के सफल आयेाजन के लिये समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। तीन दिवसीय इस अभियान के प्रथम दिवस 12 अक्टूबर को 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति हेतु कार्ययोजना तैयार की गई है। जो बच्चौ प्रथम दिवस खुराक लेने से छूट जाएंगे उनको द्वितीय एवं तृतीय दिवस घर घर जाकर दवाई पिलाई जावेगी।
जिला टीकाकरण अधिकारी डा.मनीष यादव ने समस्त अभिभावको से अपील की है कि वे अपने 5 वर्ष तक के बच्चौ को 3 दिन तक चलने वाले इस अभियान में निकट के पोलियो बूथ पर आवश्यक रूप से पोलियो की दो बूंद पिलाए तथा बच्चों को अपंग होने से बचाएं। डा.यादव ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के प्रथम चरण में 104717 बच्चौ को पोलियों की दवाई पिलाने के लिये कुल 802 दलों को गठन किया गया है। अभियान के लिय 18 ट्राजिट दल एवं 21 मोबाईल दल का गठन किया गया है जो रैल्वे स्टेशन, ईंट भट्टा क्षैत्र एंव सुदूर पहुंच विहीन क्षैत्र में दवाई पिलाएगी। कार्यक्रम के सुपरविजन हेतु कुल 107 सुपरवाईजर तैनात किए है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु विश्व स्वास्थ्य संगठन के डा.रितेश बजाज ने प्रेसेंटेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए पहुंच विहीन क्षैत्र एवं निर्माण क्षैत्रों में कवरेज के लिये विशेष प्रयास किये जाने हेतु जोर दिया। इस अवसर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पण्डया, जिला शिक्षा अधिकारी मांगरिया, जिला स्वास्थ्य अधिकारी बी.एल.सिसोदिया एवं अन्य विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।