सरवानिया महाराज। करीब 2.73 करोड़ रुपए की लागत से बन रही अरनिया मामादेव से बांगरेड़ तक की 3.42 किमी सड़क निर्माण की पोल खुल गई है। दस माह में पूरा होना था यह काम, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी अधूरा है। सड़क जगह-जगह से धंस चुकी है, पुल-पुलिया घटिया बनी हैं और सीसी निर्माण में भारी गड़बड़ी सामने आई है।
ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार ने लाखों रुपए बचाने के चक्कर में सड़क को अमानक बना दिया, जबकि पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की मिलीभगत से गुणवत्ता से समझौता किया गया है। शासन द्वारा बनाई गई डीपीआर और वास्तविक निर्माण में जमीन-आसमान का अंतर है। पुल-पुलिया पर रेलिंग नहीं लगाई गई है और एक स्थान पर कुएं की दीवार तक नहीं बनाई गई, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
निर्माण कार्य आरके कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा पीडब्ल्यूडी नीमच की देखरेख में करवाया जा रहा है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री जनशिकायत 181 पर शिकायत दर्ज कर दोषी ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में एसडीओ पीडब्ल्यूडी अशोक पानिका ने कहा कि “काम में देरी हुई है। ठेकेदार को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है। मौका निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।