इंदौर। अखिल भारतवर्षीय नाथ समाज के प्रदेश महासचिव लेखराज जोगी ने बापट चौराहे स्थित मेट्रो स्टेशन का नाम भगवान शिव अवतारी, योग के जनक और महायोगी गुरु गोरखनाथ जी के नाम पर रखने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि गुरु गोरखनाथ जी ने समाज को योग, अनुशासन और सेवा का अद्भुत संदेश दिया। वे केवल नाथ संप्रदाय ही नहीं, बल्कि पूरे भारतवर्ष की सांस्कृतिक धरोहर हैं। ऐसे में इंदौर जैसे ऐतिहासिक व सांस्कृतिक शहर में मेट्रो स्टेशन का नाम उनके साथ जोड़ा जाना नगरवासियों के लिए गौरव की बात होगी।
नाथ समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि स्टेशन का नाम गुरु गोरखनाथ जी के नाम पर रखा जाता है तो नई पीढ़ी को उनके जीवन व आदर्शों से जुड़ने का अवसर मिलेगा और इंदौर की धार्मिक, सांस्कृतिक व ऐतिहासिक पहचान और भी सशक्त होगी। नाथ समाज ने प्रशासन से शीघ्र ही इस संबंध में सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।