नीमच/भोपाल। पूरे देश में चार-पहिया वाहन चालकों से टोल रोड के नाम पर अवैध वसूली का सिलसिला जारी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की खुलेआम अवहेलना के तहत, खस्ताहाल सड़कों पर उच्च प्रशासनिक और राजनैतिक संरक्षण के दम पर टोल वसूला जा रहा है।
अमूमन यह स्थिति बांसवाड़ा से दाहोद नेशनल हाइवे-56 पर देखी गई, जहाँ सड़क में जगह-जगह बड़े गड्ढे वाहन चालकों के लिए खतरनाक साबित हो रहे हैं। टोल प्लाजा पर शिकायत करने पर कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार करते हुए टोल शुल्क देने के लिए मजबूर किया।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं दाहोद लोकसभा ऑब्जर्वर इंजीनियर नवीन कुमार अग्रवाल ने बताया कि गुजरात, राजस्थान और मध्यप्रदेश की सीमा से लगे इस राष्ट्रीय मार्ग पर हजारों वाहन प्रतिदिन आवागमन करते हैं। उन्होंने बताया कि सड़क की खस्ताहाल स्थिति और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद टोल वसूली जारी है।
अग्रवाल ने पीएमओ और केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से इस अवैध वसूली को रोकने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यही प्रक्रिया 200 करोड़ रुपये कमाने की योजना का हिस्सा है, जैसा केंद्रीय मंत्री दावा करते हैं।