कुकड़ेश्वर। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान और मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत कुकड़ेश्वर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 36 किलो डोडाचूरा सहित एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया, एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी एवं थाना प्रभारी निरीक्षक भीमसिंह सिसोदिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

दिनांक 3 अक्टूबर को थाना पुलिस टीम ने टामोटी रोड पर नाकाबंदी के दौरान सफेद रंग की वेन्यू कार (क्रमांक MP 09 AP 4523) को रोककर तलाशी ली। कार से दो काले रंग के प्लास्टिक के कट्टे बरामद हुए, जिनमें कुल 36 किलो अवैध डोडाचूरा भरा मिला।

पुलिस ने वाहन एवं मादक पदार्थ जप्त करते हुए वाहन चालक तेजराम उर्फ तेजु पिता रतनलाल गुर्जर (49), निवासी मालखेड़ा थाना रामपुरा को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 260/25 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

जप्त सामग्री-
- वेन्यू कार (क्रमांक MP 09 AP 4523) – कीमत लगभग 8 लाख
- 36 किलो डोडाचूरा – कीमत लगभग 75,000

थाना प्रभारी निरीक्षक भीमसिंह सिसोदिया और पुलिस टीम के इस सराहनीय कार्य की वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रशंसा की है। पुलिस अब मादक पदार्थ के स्रोत और अन्य संभावित आरोपियों की जांच कर रही है।
