नीमच। जिला अस्पताल नीमच के ईएनटी विभाग में एक जटिल प्री-ऑरिक्यूलर साइनस की शल्यक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की गई। यह सर्जरी डॉ. अपूर्व चौहान के मार्गदर्शन में की गई, जिसे शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय नीमच के चिकित्सकों डॉ. अक्षित भार्गव, डॉ. अरविंद गुप्ता और उनकी टीम ने सफलता पूर्वक अंजाम दिया।
प्री-ऑरिक्यूलर साइनस एक जन्मजात विकृति है, जिसमें कान के आगे छोटे छिद्र या नलिकाएं दिखाई देती हैं। त्वचा के नीचे यह संकरी नाल कभी-कभी संक्रमण और पस से भरी सूजन का कारण बन जाती है। सामान्यतः यह जन्म से मौजूद रहती है और अधिकांश मामलों में कोई परेशानी नहीं देती, लेकिन बार-बार संक्रमण या पस निकलने की स्थिति में शल्यक्रिया आवश्यक हो जाती है।
मरीज की स्थिति शल्यक्रिया के उपरांत पूर्णतः स्थिर और संतोषजनक बताई गई है। जिला अस्पताल नीमच और शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की विशेषज्ञ टीम जिले के नागरिकों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय नीमच के अधिष्ठाता डॉ. आदित्य बेराड़ ने इस उपलब्धि पर चिकित्सक दल को हार्दिक बधाई दी और कहा कि महाविद्यालय एवं अस्पताल भविष्य में भी इसी तरह उच्च गुणवत्ता वाली विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं जनता को प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
जिला अस्पताल नीमच के सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल ने भी चिकित्सा टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले के लिए गौरव की बात है और यह स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर वृद्धि का प्रतीक है।