शाजापुर। जिले की कालापीपल पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक आरोपी से 3 किलो 89 ग्राम अवैध गांजा जब्त कर उसे गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उनके मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) शुजालपुर निमेश देशमुख के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह जगेत ने बताया कि 4 अक्टूबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति भीलखेड़ा रोड स्थित रामदेव बाबा मंदिर के पास स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर अवैध मादक पदार्थ लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इस्माइल खां पिता बशीर खां (45 वर्ष), निवासी कोटरी, थाना आष्टा, जिला सीहोर बताया। उसकी तलाशी लेने पर 3 किलो 89 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने यह गांजा सचिन ठाकुर नामक व्यक्ति से खरीदा था और दोराहा क्षेत्र में बेचने जा रहा था। आरोपी के विरुद्ध थाना कालापीपल में NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिंह जगेत, उप निरीक्षक रवि भंडारी, तेजप्रकाश बोहरे, प्रधान आरक्षक विवेक गोस्वामी, विशाल पटेल, आनंद शर्मा, रामेश्वर जाटव, राजेश पटेल, आरक्षक वेदप्रकाश परमार, नयन यादव, सुमित पटेल, आशीष, शैलेन्द्र, सतीश और अर्जुन दांगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने पूरी टीम की सराहना की और कहा कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले को नशे के जाल से मुक्त किया जा सके।