जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल के आईसीयू वार्ड में देर रात लगी भीषण आग में आठ मरीजों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कई मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में आग बुझाने या बचाव के पर्याप्त उपकरण मौजूद नहीं थे, जिसके कारण स्थिति बिगड़ी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।