कुकड़ेश्वर। क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों ने जुलाई माह का पूर्ण मानदेय नहीं मिलने पर असंतोष व्यक्त किया और इस संबंध में संकुल प्राचार्य, शा.उ.मा.वि. आंतरी को ज्ञापन सौंपा।
अतिथि शिक्षकों ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि शासन के आदेश क्रमांक /अति.शि./2025-26/199 के तहत उनकी नियुक्ति 1 जुलाई 2025 से की गई थी। वे लगातार विद्यालयों में विद्यार्थियों को अध्यापन कार्य करा रहे हैं। परंतु शासन के आदेश क्रमांक /अति.शि./उपस्थिति/2025-26/227 के अनुसार 18 जुलाई से ई-अटेंडेंस प्रणाली लागू होने के बाद, तकनीकी समस्याओं और स्मार्ट मोबाइल की अनुपलब्धता के कारण कुछ शिक्षक ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करा सके।
शिक्षकों का कहना है कि उनकी नियमित उपस्थिति विद्यालय की हाजिरी पंजी में दर्ज है और प्राचार्य के हस्ताक्षर से प्रमाणित भी है, बावजूद इसके 18 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक का मानदेय रोका गया है। अतिथि शिक्षकों ने शासन से मांग की है कि तकनीकी कारणों से रुका मानदेय शीघ्र जारी किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक संकट से राहत मिल सके।
ज्ञापन देने वालों में जमनालाल मोदी, पुखराज राठौर, सत्यनारायण धनगर, ओमप्रकाश चौहान, राहुल कारपेंटर, सलोनी मालवीय, रविंद्र आर्यध्व एवं सुनील वर्मा शामिल रहे।