नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच का विशेष सम्मेलन आज सोमवार को बंगला नं. 60 स्थित पुरानी नगर पालिका सभाकक्ष में आयोजित किया गया। बैठक में कुल 24 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक के दौरान देखने को मिली विवादास्पद घटनाएं-
हालांकि, बैठक के दौरान कई विवादास्पद घटनाएं भी देखने को मिलीं। सफाई कर्मचारियों ने बैठक के बीच में प्रवेश कर अपनी समस्याओं और मांगों को उठाया। वहीं कांग्रेस पार्षद योगेश प्रजापति अचानक मिठाई का डब्बा लेकर नगर पालिका अध्यक्ष को बधाई देने पहुंचे और बैठक के दौरान विवादास्पद ढिल्लन भूखंड मामले को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की।

अध्यक्ष कर रह रही पद का दुरूपयोग-
कांग्रेस पार्षद व नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति ने आरोप लगाया कि नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा अपने परिवार के हित के लिए पद का दुरुपयोग कर रही हैं। इसी दौरान कुत्तों की नसबंदी, बंगला बगीचा में नामांतरण और वैध व अवैध कॉलोनियों के मुद्दे पर भी परिषद में गहन बहस हुई।

अंदर-बाहर होते रहे पार्षद-
बैठक में शहरहित के विषयों पर चर्चा होती देखी गई, लेकिन कई पार्षदों को अंदर-बाहर जाते और आपस में चर्चा करते हुए भी देखा गया, जिससे यह प्रतीत हुआ कि शहरवासियों के मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
