मंदसौर। जिले में फसल मुआवजा और बीमा भुगतान को लेकर कांग्रेस द्वारा आयोजित किसान ट्रैक्टर रैली को पुलिस ने रोक दिया। गांधी चौराहे से कलेक्टर भवन तक जाने वाली रैली में शामिल होने के लिए पहुंचे किसान और ट्रैक्टरों को शहर में प्रवेश नहीं दिया गया।
रैली में शामिल होने पहुंचे किसानों और कार्यकर्ताओं को भी प्रवेश की अनुमति नहीं मिली, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। यह रैली हाल ही में हुई अत्यधिक बारिश से फसलों को हुए नुकसान और राज्य सरकार द्वारा दिए गए कम मुआवजे के विरोध में आयोजित की गई थी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बोले-
जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को 500 से 700 रुपए प्रति बीघा का मुआवजा देना किसानों के साथ मज़ाक है। उन्होंने किसानों और कार्यकर्ताओं से गांधी चौराहे पर दोपहर 12:30 बजे एकत्रित होकर कलेक्टर भवन तक ट्रैक्टर रैली निकालने की अपील की थी।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसानों की आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए है और तब तक जारी रहेगा जब तक किसानों को उनकी सोयाबीन और मूंगफली जैसी फसलों का उचित मुआवजा और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद सुनिश्चित नहीं की जाती।
जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि आंदोलन तभी रुकेगा जब सरकार खेतों में हुए नुकसान की भरपाई ईमानदारी से करेगी।