मनासा। नगर परिषद मनासा द्वारा आयोजित दशहरा उत्सव एवं नगर गौरव दिवस के चौथे दिन आयोजित भजन संध्या में सांवलिया सेठ की महिमा पर भक्तों ने जमकर आनंद लिया। प्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा ने अपने भजनों के माध्यम से सांवलिया सेठ की महिमा सुनाई और उपस्थित भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत शर्मा ने जोगणिया माता और मंदिरों की नगरी मनासा पधारों भजन से की। उन्होंने भजनों के माध्यम से सांवलिया सेठ के मंदिरों, भंडारों और उनके दिव्य चमत्कारों के बारे में जानकारी दी। भजनों में भक्तों ने झूमकर उत्साह का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय (शाहपुरा) के संत चेतन्यराम महाराज, विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू, नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. सीमा अजय तिवारी, सीएमओ रविश कादरी, भाजपा जिला मंत्री अश्विन सोनी, उपाध्यक्ष आशीष सारड़ा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनासा अध्यक्ष श्याम सोनी, पूर्व नप अध्यक्ष रामप्रसाद कसेरा सहित कई गणमान्य लोग मंचासीन रहे।
भजन संध्या में विशेष आकर्षण रहा कि जैसे ही गोकुल शर्मा मंच पर पहुंचे, उपस्थित भक्तों ने मोबाइल फ्लैश लाइट जलाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान विधायक अनिरुद्ध मारू, नगर परिषद अध्यक्ष और अन्य पार्षदों ने भी समारोह में भाग लिया।
कार्यक्रम में कलाकारों ने श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी भजन पर मयूर नृत्य की प्रस्तुति दी। मंच की एंकरिंग साक्षी कियावत ने की, जबकि संचालन दिनेश राठौर ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित भक्तों और कलाकारों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
नगर परिषद ने यह भी घोषणा की कि दशहरा उत्सव के अंतिम दिन, 7 अक्टूबर को स्टार नाईट का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बच्चों के लिए तारक मेहता का उल्टा चश्मा के गोलू, सिंगर मुस्कान, दिव्यांश मलखम ग्रुप, आईजीटी कामेडी और विजय परिहार डांस ग्रुप की प्रस्तुतियां होंगी।