नीमच। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्यवाहियां अब केवल औपचारिकता बनकर रह गई हैं। विभाग द्वारा बीते कई महीनों से जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया, लेकिन आज तक किसी भी जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया गया।
जानकारी के अभाव में यह स्पष्ट नहीं है कि किन फर्मों के नमूने अमानक पाए गए और उन पर क्या कार्रवाई की गई। सूत्रों के अनुसार, विभाग की इन कार्यवाहियों को लेकर आमजन में यह चर्चा है कि “सब सेटिंग का खेल” चल रहा है।
इसी क्रम में सोमवार को भी खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने फव्वारा चौक स्थित सैनी पान सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान विक्रय हेतु भंडारित चॉकलेट का नमूना जांच के लिए लिया गया।
इसके अतिरिक्त टीम ने अंश इंटरप्राइजेस, शास्त्री नगर का भी निरीक्षण कर ऑरेंज सिरप का नमूना लिया। विभाग के अनुसार, इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि रिपोर्ट प्राप्त होने पर संबंधित फर्मों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, पूर्व में लिए गए नमूनों की रिपोर्ट और उन पर हुई कार्रवाई को लेकर अब तक कोई भी पारदर्शिता नहीं बरती गई, जिससे विभाग की गंभीरता पर सवाल उठ रहे हैं।