कुकड़ेश्वर। नगर का प्रमुख व्यावसायिक स्थल चंपा बाजार इन दिनों अव्यवस्थाओं का शिकार है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत डाली गई नल योजना के कारण सड़कें कई जगहों पर खोदी गई थीं, जिन्हें अब तक समतल नहीं किया गया।
मालवीय मोहल्ला, पानी की टंकी और श्रीराम मंदिर क्षेत्र सहित पूरे बाजार में पाइप लाइन डालने के बाद सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। गिट्टियां और पत्थर फैले होने के कारण पैदल और वाहन आवागमन दोनों कठिन हो गया है। बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भरने से हादसे का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय निवासी सुरेश मालवीय, सतीश खाबिया और राजू पटेल ने नगर परिषद से शीघ्र मरम्मत की मांग की।
इस संबंध में नगर परिषद सीएमओ कमल सिंह परमार ने बताया ठेकेदार को मार्ग दुरुस्ती के निर्देश दे दिए गए हैं। कार्य जल्द प्रारंभ कर सीसी रोड पुनः तैयार की जाएगी। निवासियों को उम्मीद है कि नगर का प्रमुख बाजार जल्द ही पुराने स्वरूप में लौटेगा।