कुकड़ेश्वर। कुकड़ेश्वर नगर में मेड क्षत्रिय स्वर्णकार समाज ने अपने आराध्य देव अजमीढ़ महाराज की जयंती हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाई। यह जयंती महोत्सव समाज द्वारा प्रति वर्ष शरद पूर्णिमा के अवसर पर बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया जाता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ जैन धर्मशाला में पूजन-अर्चन और सामूहिक आरती के साथ किया गया। इसके बाद बैंड-बाजों, ढोल-ढमाकों और जयकारों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गोंचंपा बाजार, रंगारा मंदिर, तंबोली चौक, सदर बाजार, भटवाड़ा मोहल्ला, मुखर्जी चौक, बस स्टैंड और लोहार मोहल्ला से होते हुए पुनः जैन धर्मशाला पहुंची।
नगरवासियों ने मार्ग में शोभायात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक आरती और महाप्रसादी का वितरण किया गया। यह आयोजन समाज की एकता, श्रद्धा और परंपराओं के प्रति समर्पण का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता है।