नीमच/झाबुआ। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने मंगलवार को झाबुआ जिले के ग्राम मठमठ में 2.85 करोड़ की लागत से निर्मित 33/11 केवी नवीन उपकेंद्र का शुभारंभ किया। यह उपकेंद्र आर.डी.एस.एस. योजना के अंतर्गत स्थापित किया गया है।
इस उपकेंद्र से माण्डन, मठमठ, गुणावद और हनुमंत्या ग्राम पंचायतों के 17 गांवों को लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र के 3800 से अधिक किसानों को गुणवत्तापूर्ण और निरंतर बिजली उपलब्ध होगी।
मंत्री भूरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। इस उपकेंद्र के शुरू होने से क्षेत्र में लो-वोल्टेज और विद्युत अवरोधों की समस्या समाप्त होगी तथा कृषकों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति प्राप्त होगी। इससे सिंचाई और कृषि उत्पादकता में वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि इस उपकेंद्र से तीन नए 11 केवी फीडर निकाले जाएंगे, जिससे बिजली लाइनों की लंबाई कम होगी और दोष पहचानने में समय की बचत होगी। साथ ही, नए पंप कनेक्शन जारी किए जा सकेंगे, जिससे सिंचाई का रकबा बढ़ेगा।
मुख्य ग्राम मठमठ को अब रबी सीजन में भी अनवरत तीन फेज विद्युत आपूर्ति प्राप्त होगी, जिससे क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।