नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर और उपसंचालक औषधि प्रशासन डॉ. आर.के. खद्योत के मार्गदर्शन में औषधि निरीक्षक शोभित तिवारी ने मंगलवार को नीमच शहर के विभिन्न औषधि विक्रय संस्थानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण का उद्देश्य शासकीय औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल द्वारा अवमानक घोषित औषधियों — Coldrif Syrup (बैच नं. SR-13), Relife Syrup (बैच नं. LSL25160) और Respifresh-TR Syrup (बैच नं. R01GL2523) — के स्टॉक की उपलब्धता की जांच करना था।
ड्रग इंस्पेक्टर तिवारी ने मेनारिया मेडिकल स्टोर, भय्या मेडिकल स्टोर, आयुष मेडिकल स्टोर, नागदा मेडिकल स्टोर, श्री फार्मेसी और जायसवाल मेडिकल स्टोर सहित कई संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान इनमें से किसी भी फर्म पर उक्त अवमानक दवाओं का स्टॉक नहीं मिला।
उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, नीमच द्वारा जिले के सभी मेडिकल स्टोर्स को निर्देश जारी किए गए हैं कि यदि इन औषधियों का कोई स्टॉक उपलब्ध हो, तो तत्काल क्रय-विक्रय एवं वितरण बंद करें और यदि दवा पहले से वितरित की जा चुकी हो तो वापस बुलाकर प्रशासन को सूचित करें।
औषधि निरीक्षक तिवारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान बच्चों के उपयोग में आने वाले कफ सिरप सहित कुल पाँच सिरप के नमूने गुणवत्ता परीक्षण हेतु लिए गए हैं, जिन्हें राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।