नीमच। भारत सरकार द्वारा आयोजित “राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह (NCSAM)” के तहत जिले में पुलिस थाना बघाना और कुकड़ेश्वर द्वारा सोमवार को साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को ऑनलाइन ठगी, फर्जी निवेश, अवैध लोन ऐप्स, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल ब्लैकमेलिंग जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपायों से अवगत कराना रहा।
पुलिस थाना कुकड़ेश्वर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुकड़ेश्वर के लगभग 70 छात्र और शिक्षक शामिल हुए। छात्रों को बताया गया कि वे अनजान लिंक, ईमेल या संदेश पर क्लिक न करें, अज्ञात एप डाउनलोड न करें, और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी या ओटीपी किसी को भी साझा न करें।
इसके अलावा, पुलिस थाना कुकड़ेश्वर द्वारा ग्राम कुण्डालिया और पुलिस थाना बघाना द्वारा अचारी फंटा पर साइबर चौपालों का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि वर्तमान में डिजिटल अरेस्ट जैसे नए प्रकार के साइबर अपराध बढ़ रहे हैं, जिनसे सतर्क रहना जरूरी है।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को सलाह दी कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी या ऑनलाइन फ्रॉड होता है, तो वे तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज करें। त्वरित सूचना देने से वित्तीय नुकसान की भरपाई की संभावना बढ़ जाती है।