मनासा। दशहरा मैदान मेले में मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ शरारती तत्वों ने शराब के नशे में हंगामा कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मनासा-नीमच रोड स्थित दशहरा मैदान में मेला देखने के लिए हजारों लोग पहुंचे थे। रात करीब साढ़े 11 बजे कुछ नशे में धुत युवकों ने भीड़ में उत्पात मचाना शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिव रघुवंशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने समय रहते तीनों आरोपियों को पकड़ा, जिससे कोई बड़ा हादसा टल गया।
घटना के दौरान कुछ देर के लिए मेला स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी, लेकिन पुलिस की तत्परता से हालात जल्द ही सामान्य हो गए।