मंदसौर। सांसद सुधीर गुप्ता ने आज ग्राम गुर्जर बर्डिया में पहुंचकर पशुपालकों से संवाद किया और उन्हें “दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान” के उद्देश्यों एवं महत्व से अवगत कराया।
सांसद गुप्ता ने कहा कि दुग्ध उत्पादन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। इस क्षेत्र में आत्मनिर्भरता से न केवल किसान और पशुपालक की आमदनी बढ़ती है बल्कि ग्रामीण परिवारों को सतत रोजगार भी प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे दुग्ध समृद्धि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पशुपालक को वैज्ञानिक ढंग से पशुपालन, दुग्ध संग्रहण और विपणन से जोड़ना है, ताकि उत्पादन और आमदनी दोनों में वृद्धि हो सके।
गुप्ता ने पशुपालकों से संवाद के दौरान कहा कि अब समय आ गया है कि पारंपरिक पशुपालन को आधुनिक तकनीक और नवाचार के साथ जोड़ा जाए। उन्होंने बताया कि जिले में दुग्ध सहकारी समितियों को मज़बूत करने, पशुओं के लिए टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, पशु आहार की गुणवत्ता सुधार तथा दुग्ध उत्पादों के प्रसंस्करण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।