मंदसौर। प्रदेश के छिंदवाड़ा में कफ सिरप से बच्चों की मौत के बाद मंदसौर जिला स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जिलेभर में दवा दुकानों की जांच और सैंपलिंग अभियान जारी है।
जांच दल ने अरिहंत फार्मा, तारा जेनरिक्स, महावीर मेडिकल, शगुन मेडिकल, वेल बेबी मेडिकल सहित कई स्टोर्स का निरीक्षण किया और सर्दी-खांसी की सिरप के नमूने लिए। जिले के 975 मेडिकल स्टोर्स में से 450 नगर क्षेत्र में हैं, जहां विशेष निगरानी रखी जा रही है।
ड्रग इंस्पेक्टर पूजा भामर ने बताया कि लिए गए सभी नमूने भोपाल स्थित राज्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रारंभिक जांच में छिंदवाड़ा से किसी सिरप की सप्लाई की पुष्टि नहीं हुई है।
सीएमएचओ डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने बताया कि सभी डॉक्टरों को एडवाइजरी जारी की गई है और स्टोर संचालकों को बिना प्रिस्क्रिप्शन दवा न बेचने के निर्देश दिए गए हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में भी विशेष जांच जारी है।