नीमच। दीपावली से पहले सेंट्रल जीएसटी विभाग की टीम ने महू-नीमच मार्ग स्थित हुजैफा अबुजर अली रामपुरा वाले के पटाखा गोदाम का बुधवार दोपहर निरीक्षण किया। कार्रवाई देर रात तक जारी रही। उज्जैन और इंदौर से आई 8 से अधिक अधिकारियों की टीम ने गोदाम में पटाखा कारोबार से जुड़े दस्तावेज, स्टॉक और बिलिंग रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की।

विभाग का बयान “यह छापा नहीं, नियमित निरीक्षण है”
सेंट्रल जीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर अभिषेक बिसेन ने बताया कि यह कार्रवाई नियमित निरीक्षण का हिस्सा है। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि गोदाम में वित्तीय अनियमितता की आशंका के आधार पर यह जांच की जा रही है।

टीम यह जांच रही है कि स्टॉक के अनुपात में खरीद-बिक्री के बिल जीएसटी नेटवर्क पर सही तरीके से अपलोड किए गए हैं या नहीं, साथ ही इनपुट टैक्स क्रेडिट के उपयोग और कच्चे व तैयार माल के अंतर की भी पड़ताल की जा रही है।

शहर के व्यापारी वर्ग में चर्चा है कि यह पटाखा गोदाम पहले भी विवादों में रह चुका है। दीपावली से पहले हर साल किसी न किसी विभाग द्वारा यहां नियम उल्लंघन या अवैध स्टॉक को लेकर कार्रवाई की जाती रही है। इस बार सेंट्रल जीएसटी विभाग ने टैक्स चोरी और बिलिंग अनियमितता की आशंका को लेकर जांच शुरू की है।
