नीमच। मनासा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) नीमच द्वारा दिव्यांगजन हितार्थ जूट उत्पाद निर्माण से संबंधित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य दिव्यांग प्रतिभागियों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें आर्थिक उन्नति के अवसर प्रदान करना रहा।
संस्थान के निदेशक सिद्धार्थ शंकर शर्मा ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत प्रारंभ हुआ यह प्रशिक्षण क्रम आगे भी जारी रहेगा। दिव्यांगजनों के व्यावसायिक सशक्तिकरण की दिशा में यह संस्थान का संकल्पित प्रयास है।
कार्यक्रम के समापन पर श्री शर्मा ने प्रशिक्षण पूर्णता प्रमाणपत्र वितरित किए तथा प्रतिभागियों से प्रशिक्षण की उपयोगिता पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर दिव्यांगजन सामाजिक सेवा संस्था के प्रदेश अध्यक्ष सुनील बटवाल एवं ग्राम पंचायत जनौद की सरपंच दिलखुश अहिरवार विशेष रूप से उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने आरसेटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे दिव्यांगजनों के आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।