मंदसौर। जिले में 12 अक्टूबर से पल्स पोलियो अभियान शुरू होगा, जिसके तहत 0 से 5 वर्ष तक के 1,58,378 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के प्रति जागरूकता लाने के लिए शुक्रवार को जिला चिकित्सालय परिसर से रैली निकाली गई। रैली को नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी. एस. चौहान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं और उषा कार्यकर्ता शामिल हुए। डॉ. चौहान ने बताया कि अभियान के लिए 1200 बूथ, 12 मोबाइल टीमें और 34 ट्रांजिट टीमें गठित की गई हैं। 12 अक्टूबर को बूथों पर और 13-14 अक्टूबर को घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। रमादेवी गुर्जर ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर जाएं और देश को पोलियो मुक्त बनाने में योगदान दें।