नीमच। जिला अस्पताल के गायनिक (स्त्री रोग) ऑपरेशन थिएटर में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को एक जहरीला चीती प्रजाति का सांप दिखाई दिया। घटना के बाद सभी ऑपरेशन तत्काल रोक दिए गए।
सुबह वार्ड बॉय जब ऑपरेशन थिएटर की सफाई के लिए पहुंचा, तो गेट खोलते ही उसने फर्श पर रेंगते हुए सांप को देखा। उसने तुरंत शोर मचाया, जिससे नर्सिंग स्टाफ में घबराहट फैल गई। ऑपरेशन थिएटर जैसे संवेदनशील और स्वच्छ क्षेत्र में सांप का पाया जाना कर्मचारियों के लिए चौंकाने वाला था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सांप पकड़ने में माहिर स्थानीय विशेषज्ञ रज्जाक चाचा को बुलाया गया। उन्होंने अपनी सूझबूझ से सांप को सुरक्षित रूप से पकड़कर डिब्बे में बंद किया। इस दौरान अस्पताल स्टाफ और अन्य कर्मचारी सांप को देखने के लिए ऑपरेशन थिएटर के बाहर एकत्र हो गए।
रज्जाक चाचा की तत्परता से समय रहते सांप को पकड़ लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और स्टाफ ने राहत की सांस ली।