मंदसौर। नई आबादी थाना क्षेत्र के गुरुकुल इलाके से एक बालक के लापता होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तेजी से कार्रवाई की। सूचना मिलते ही एसपी विनोद मीना के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुलदीप राठौर एवं उनकी टीम ने बालक की तलाश में विशेष अभियान शुरू किया। लगातार की गई खोजबीन के परिणामस्वरूप पुलिस टीम ने सिर्फ 36 घंटे में लापता बालक को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बालक के सुरक्षित लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और शनिवार को एसपी ऑफिस पहुंचकर एसपी विनोद मीना का आभार व्यक्त किया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए एसपी विनोद मीना का स्वागत एवं सम्मान किया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है।