नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले के सभी नगरीय निकायों में स्वच्छता की दिवाली विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में उन्होंने गूगल मीट के माध्यम से सभी सीएमओ की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
कलेक्टर ने बताया कि यह अभियान 10 दिन तक चलेगा, जिसमें सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, कार्यालयों, संस्थानों और धार्मिक स्थलों की विशेष साफ-सफाई की जाएगी। इस दौरान सभी नगरीय निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में डस्टबिन रखने, दुकानों के सामने अस्थाई अतिक्रमण हटाने और दुकानों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नगरीय निकाय आईईसी मद से अभियान के पोस्टर और बैनर तैयार कर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करें। अभियान के तहत सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबंध, नियम उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना, तथा जागरूकता के लिए वाल पेंटिंग और सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कलेक्टर चंद्रा ने बताया कि यह विशेष सफाई अभियान सार्वजनिक स्थलों, कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, बाजार क्षेत्रों, हाईवे, जलाशयों, नालों, धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों और सामुदायिक शौचालयों की सफाई को ध्यान में रखकर चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्कूल, कॉलेज और सामाजिक संगठनों के सहयोग से स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन के रूप में विकसित किया जाए। साथ ही, कपड़े के थैलों का वितरण कर पॉलिथीन मुक्त अभियान को गति दी जाए।
कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नीमच, जावद और मनासा को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने उपखंडों की नगरीय निकायों में अभियान की निगरानी (मॉनिटरिंग) सुनिश्चित करें। इस संबंध में जानकारी परियोजना अधिकारी शहरी विकास, पराग जैन द्वारा दी गई।