नीमच। राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) ने चलती ट्रेन में मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी देवेंद्र उर्फ सनी (19, निवासी निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1 लाख से अधिक मूल्य के चार चोरी के मोबाइल बरामद किए गए।
इस कार्रवाई में एक अन्य आरोपी बिलाल खान (19, निवासी मंदसौर) को हिरासत में लिया गया, जिसे बाद में नोटिस पर छोड़ दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर पदम विलोचन शुक्ला के निर्देशों और उप पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर ज्योति शर्मा के मार्गदर्शन में हुई।
थाना प्रभारी सउनि कन्हैयालाल भाटी की टीम ने रनिंग ट्रेन, खासकर रात की उदयपुर-रतलाम एक्सप्रेस में सक्रिय मोबाइल चोरों पर निगरानी बढ़ाई। भीड़भाड़ वाले कोचों में यात्रियों का ध्यान भटकाकर चोरी करने वाले आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो सैमसंग, एक वनप्लस और एक टेक्नो मोबाइल बरामद किए।
बरामद मोबाइलों की कुल कीमत 1,01,997 आंकी गई है। इस कार्रवाई से रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।