नीमच। त्योहारों के सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर लगाम लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम सक्रिय हो गई है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्य प्रदेश एवं कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार शनिवार को सिंगोली क्षेत्र में प्रशासन की टीम ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान पांच खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई और दो प्रतिष्ठानों को स्वच्छता में कमी पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने धनगांव, सिंगोली स्थित आदिनाथ लघु उद्योग एवं ऑयल मिल का आकस्मिक निरीक्षण किया। इसके साथ ही बिजासन माता रोड सिंगोली स्थित बालाजी गृह उद्योग (नमकीन प्रतिष्ठान), तिलस्वां रोड स्थित फर्म विनोद कुमार कमलेश कुमार, तिलस्वां रोड सिंगोली स्थित फर्म सौभागमल मूलचंद तथा रावतभाटा रोड सिंगोली स्थित न्यू जोधपुर मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान विक्रय हेतु भंडारित एवं निर्मित खाद्य सामग्री जैसे मलाई बर्फी, घी, मूंगफली तेल, सोयाबीन तेल, अजवाइन, जीरा, सौंफ, मैथीदाना, हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर आदि से संबंधित कुल 15 नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान आदिनाथ लघु उद्योग एवं ऑयल मिल और न्यू जोधपुर मिष्ठान भंडार में साफ-सफाई के मानक अनुपालन में कमी पाई गई। इस पर दोनों प्रतिष्ठानों को सुधार हेतु नोटिस जारी किया गया है।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी यशवंत कुमार शर्मा एवं राजू सोलंकी की संयुक्त टीम द्वारा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान जिले में इस प्रकार की आकस्मिक जांच जारी रहेगी, ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।