नीमच। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत “अपने घर” का सपना देख रहे 144 गरीब हितग्राहियों का सब्र आखिर टूट गया। लंबे समय से मकान की चाबी का इंतजार कर रहे इन परिवारों ने सोमवार को नगर पालिका कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
हितग्राहियों ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कनावटी रोड पर उनके मकान काफी समय पहले बनकर तैयार हो चुके हैं, लेकिन राजनीतिक लाभ और श्रेय लेने की होड़ में आवंटन को जानबूझकर टाला जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान हितग्राहियों ने सीएमओ दुर्गा बामनिया के सामने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना वर्ष 2017 में शुरू हुई थी और अब तक आठ वर्ष बीत चुके हैं, फिर भी उन्हें मकानों की चाबी नहीं सौंपी गई। उन्होंने बताया कि उनका अंशदान जमा है, मकान बनकर तैयार हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं।
हितग्राहियों का आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और विधायक दिलीप सिंह परिहार मंत्री को बुलाकर उद्घाटन करवाने और वाहवाही लूटने के प्रयास में मकान वितरण में जानबूझकर देरी कर रहे हैं।
आक्रोशित हितग्राहियों ने चेतावनी दी कि यदि दीपावली से पहले मकान आवंटित नहीं किए गए, तो धनतेरस के दिन वे अपने ही मकानों पर दीपक जलाकर ताला तोड़ कब्जा कर लेंगे।
विरोध प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ दुर्गा बामनिया ने हितग्राहियों से चर्चा की और जल्द ही कलेक्टर से बात कर मकान आवंटन की प्रक्रिया प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति, पार्षद प्रतिनिधि मोनू लोक्स और पार्षद भारत अहीर हितग्राहियों के समर्थन में मौजूद रहे। अब सबकी निगाहें प्रशासन पर हैं कि 144 परिवारों को उनका हक आखिर कब तक मिलेगा।