नीमच। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही परंपरागत अस्थायी व्यवसायियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से टैगोर मार्ग पर दुकानों की अनुमति देने की मांग की है। वर्षों से फव्वारा चौक से विजय टॉकीज चौराहा तक मिट्टी के दीये, खिलौने, पूजा सामग्री, झालर, रंगोली और अन्य पारंपरिक वस्तुओं की दुकानें सजती रही हैं।
व्यवसायियों का कहना है कि वे पूरे वर्ष मेहनत कर मिट्टी की सामग्री तैयार करते हैं, जिसका विक्रय केवल दीपावली पर होता है। पिछले वर्ष उन्हें टैगोर मार्ग की बजाय दशहरा मैदान में दुकानें लगाने को कहा गया, जिससे उनका व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ। ग्राहकों की आवाजाही कम होने से बिक्री नहीं हो सकी।
व्यवसायियों ने प्रशासन और विधायक दिलीप सिंह परिहार से निवेदन किया है कि उन्हें पूर्ववत टैगोर मार्ग पर दुकानें लगाने की अनुमति दी जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि ट्रैफिक नियमों का पूर्ण पालन किया जाएगा और किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होगी।
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने भी दुकानदारों के आवेदन पर कलेक्टर से सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का अनुरोध किया है।