नीमच। जिले के ग्राम मालखेड़ा के ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर देवनारायण मंदिर के वर्तमान पुजारी शंकरलाल सालवी को हटाने की मांग की। ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि पुजारी और उनके पुत्र मंदिर की पूजा-पाठ, साफ-सफाई और धार्मिक मर्यादाओं में लगातार लापरवाही बरत रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि पुजारी का पुत्र आपत्तिजनक गतिविधियों में लिप्त रहता है और लोगों से अभद्र व्यवहार करता है, जिससे मंदिर का धार्मिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर की गरिमा बनाए रखने के लिए ग्रामसभा में पुजारी को हटाने का निर्णय लिया गया है।
ग्रामीणों ने शासन से मंदिर में नए पुजारी की नियुक्ति की मांग की। तहसीलदार संजय मालवीय ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।