नीमच। आरसीएमएस में राजस्व प्रकरणों के निराकरण में नीमच जिला प्रदेश में पहले स्थान पर रहा है। जिले ने 86 प्रतिशत राजस्व प्रकरणों का निराकरण कर यह उपलब्धि हासिल की है। यह जानकारी सोमवार को कलेक्टोरेट में आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में दी गई।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी नक्शा विहीन गांवों के नक्शा निर्माण के कार्य के लिए समय-सीमा तय की जाए और यह कार्य पूर्ण कराया जाए। नक्शा विहीन गांवों का भौतिक सत्यापन तेजी से पूरा किया जाए और ग्रामवार डेडलाइन निर्धारित करके कार्य को तय समय में समाप्त किया जाए। बैठक में एडीएम बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच संजीव साहू, जावद प्रीती संघवी, मनासा किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर पराग जैन सहित सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित थे।
रास्ता विवादों का समाधान-
कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में आम रास्तों, शासकीय रास्तों और पारंपरिक रास्तों के विवादों को एक सप्ताह में सूचीबद्ध कर उनका मध्यस्थता के माध्यम से समाधान सुनिश्चित करें। जमीन संबंधी विवादों का भी मध्यस्थता से निपटारा किया जाए, जिससे पक्षकारों में आपसी सौहार्द्र बना रहे।
कलेक्टर ने जिले में मजरो और टोला को नवीन राजस्व ग्राम घोषित करने के कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही नक्शा तरमीम एवं बटांकन का शेष कार्य तेजी से पूर्ण कराने और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के शेष हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य पूरा करने के निर्देश भी सभी राजस्व अधिकारियों को दिए।