मंदसौर। महिला एवं बाल विकास विभाग, भारत सरकार की अपर सचिव तृप्ति गुरहा ने आज जिला पंचायत सभागार मंदसौर में पीएम केयर फॉर चिल्ड्रन योजना के अंतर्गत लाभान्वित बच्चों से आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, संयुक्त संचालक मिशन वात्सल्य संचालनालय भोपाल अमिताभ स्वस्ति, संभागीय संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास उज्जैन राजेश मेहरा, जिला परियोजना अधिकारी बीएल बिश्नोई सहित विभागीय अधिकारी एवं हितग्राही बच्चे उपस्थित रहे।
संवाद के दौरान गुरहा ने एक-एक बच्चे से चर्चा कर उनकी शिक्षा, कैरियर अभिरुचि एवं पीएम केयर योजना के तहत प्राप्त सहायता के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपने सपनों को साझा करते हुए बताया कि वे भविष्य में डॉक्टर, नर्स, वकील, इंजीनियर, डिजिटल मार्केटिंग एक्सपर्ट एवं बिजनेसमैन बनना चाहते हैं।
अपर सचिव तृप्ति गुरहा ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, आप सभी हमारे देश का भविष्य हैं। लगन और मेहनत से पढ़ाई करें, क्योंकि शिक्षा ही वह मार्ग है जो जीवन में हर द्वार खोलता है। उन्होंने बच्चों को यह भी आश्वासन दिया कि शिक्षा और रोजगार से संबंधित प्रत्येक सहायता सरकार द्वारा प्रदान की जाएगी। यदि कोई बच्चा स्वरोजगार या व्यवसाय शुरू करना चाहता है, तो उसके लिए लोन या पूंजी की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि वह आत्मनिर्भर बन सके।
अपर सचिव ने बच्चों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें, सरकार हमेशा आपके साथ है।