नीमच। दीपावली के त्योहारी बाजार को लेकर नीमच शहर में अस्थायी दुकानदारों और नगरपालिका प्रशासन के बीच रस्साकसी तेज हो गई है। प्रशासन जहां बाजार को दशहरा मैदान में स्थानांतरित करने पर अड़ा है, वहीं परंपरागत दुकानदार अपनी पुरानी जगह टैगोर मार्ग को छोड़ने को तैयार नहीं हैं। नगरपालिका द्वारा दशहरा मैदान में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, लेकिन परंपरागत दुकानदारों ने इसमें भाग नहीं लिया, जिससे प्रशासन की योजना पर पानी फिर गया है।
मंगलवार को विवाद उस समय और गहरा गया जब अस्थायी दुकानदार बड़ी संख्या में लामबंद होकर फोर जीरो भारत माता चौराहा पर उतर आए। सैकड़ों की संख्या में दुकानदारों ने नारेबाजी करते हुए सड़क पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि यदि प्रशासन उन्हें टैगोर मार्ग पर दुकान लगाने की अनुमति नहीं देगा, तो वे कहीं भी दुकानें नहीं लगाएंगे।
प्रदर्शनकारी दुकानदारों ने प्रशासन पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा प्रशासन की बात मानकर हमने पिछले साल दशहरा मैदान में दुकानें लगाई थीं, लेकिन वहां हमें अपेक्षित लाभ नहीं मिला। हमारी रोज़ी-रोटी का सवाल है। अगर हमें यहां नहीं बैठने दिया गया, तो हमारे गरीब परिवार इस बार दीपावली नहीं मना पाएंगे, गरीब की थाली खाली रह जाएगी।
दुकानदारों का आरोप है कि उन्हें स्थानीय विधायक की ओर से टैगोर मार्ग पर दुकान लगाने का आश्वासन मिला था, लेकिन इसके बावजूद प्रशासनिक अधिकारी उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। दुकानदारों का रुख साफ है कि वे अपने पारंपरिक स्थान टैगोर मार्ग पर ही व्यवसाय करेंगे। अब देखना यह है कि प्रशासन क्या निर्णय लेता है क्या त्योहार के मौसम को देखते हुए दुकानदारों को कोई वैकल्पिक व्यवस्था या राहत दी जाएगी, या फिर यह विवाद आगे और बढ़ेगा।