नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन, उमेश जोगा के निर्देशानुसार 14 अक्टूबर 2025 को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में जिला स्तरीय जन सुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने स्वयं उपस्थित होकर आवेदकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना और त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित थाना प्रभारियों को दिये।
इस अवसर पर सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर के दौरान लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 की कुल 13 सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का संतोषजनक निराकरण किया गया।
जिला स्तरीय जन सुनवाई शिविर में लगभग 45 आवेदक अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। मुख्य शिकायतों में भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से संबंधित मुद्दे, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं आदि शामिल थीं। एसपी जायसवाल ने सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का समय पर और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक नीमच किरण चौहान, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद रोहित राठौर, जिले के समस्त थाना और चौकी प्रभारी तथा संबंधित शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।