नीमच। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में दिनांक 15-16 अक्टूबर 2025 की दरम्यानी रात को पूरे जिले में कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान नीमच जिले के सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और पुलिस बल ने मिलकर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, निगरानीशुदा बदमाशों की जांच, होटल-लॉज-ढाबों की चैकिंग, अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम, आबकारी अधिनियम और अन्य लघु अधिनियमों के तहत कार्यवाही की।
अभियान की प्रमुख उपलब्धियाँ-
कुल 12 स्थानों पर संयुक्त चैकिंग की गई, जिसमें 390 वाहनों की जांच कर 54 चालान बनाए गए तथा 25,600 समन शुल्क वसूला गया। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
कुल 165 गैर-जमानती वारंट तामील किए गए जिनमें 53 स्थायी एवं 112 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं।
इनमें मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित 6, शरीर संबंधी अपराधों के 98, और संपत्ति संबंधी अपराधों के 37 वारंट निष्पादित किए गए।
109 निगरानीशुदा बदमाशों और गुंडा तत्वों की रात्रिकालीन चैकिंग की गई।
78 होटल, लॉज और ढाबों की जांच कर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी गई।
आबकारी अधिनियम के तहत 17 प्रकरणों में कार्रवाई कर 82 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
64 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई।
गंभीर अपराधों एवं धारा 193(9) बीएनएसएस/173(8) दं.प्र.सं. के तहत फरार चल रहे ₹5,000 इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई-
- थाना रामपुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3.460 किलोग्राम अवैध अफीम सहित एक बोलेरो पिकअप (MP 14 GC 2453) जप्त की और दो तस्करों को गिरफ्तार किया
- विक्रमलाल पिता राजाराम गायरी, उम्र 31 वर्ष, निवासी बादपुर थाना नारायणगढ़, जिला मंदसौर।
- कारू पिता प्रभुलाल गायरी, उम्र 30 वर्ष, निवासी सरवानिया थाना नारायणगढ़, जिला मंदसौर।
दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
महिला अपराधों पर निगरानी-
कॉम्बिंग गश्त के दौरान महिला संबंधी अपराधों के 6 आदतन आरोपियों की जांच की गई, जिनकी आमद-रफ़्त और गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की गई।
साल 2025 में अब तक 9वीं कॉम्बिंग गश्त-
इस वर्ष अब तक कुल 9 कॉम्बिंग गश्त आयोजित की जा चुकी हैं, जिनके दौरान कुल 1,094 वारंट तामील कराए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक का बयान-
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने बताया कि “जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु नीमच पुलिस द्वारा इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।- पुलिस विभाग, जिला नीमच