कुकड़ेश्वर। दीपावली पर्व के शुभ अवसर पर नगर पंचायत कुकड़ेश्वर द्वारा छोटे व्यापारियों के लिए सराहनीय पहल की गई है। नगर में बालक हायर सेकेंडरी स्कूल के बाहर छोटे व्यापारियों को अस्थायी प्लॉट आवंटित किए गए हैं, ताकि वे सजावट, कर दीपावली का व्यापार सुगमता से कर सकें।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी कुकड़ेश्वर के आदेश पर नगर पंचायत के कर्मचारियों ने आज सभी व्यापारियों को बुलाकर निर्धारित स्थानों पर प्लॉट आवंटित किए, जिससे वे अपनी दुकानें सजा सकें और त्योहारी सीजन में अपनी आजीविका कमा सकें। इस अवसर पर नगर पंचायत के सभी कर्मचारी मौजूद रहे।
इस बाजार में चोटी, फुंदा, आर्टिफिशियल माला जैसी आकर्षक वस्तुएं भी बिक्री के लिए रखी गई हैं, जिनसे घरों की सजावट, बसों की सुंदरता और दोपहिया वाहनों की शोभा बढ़ाई जा सकती है। दीपावली पर बस, गाड़ी, ट्रैक्टर आदि वाहनों को सजाने के लिए लोगों ने बड़ी संख्या में यहां अपनी दुकानें लगाई हैं।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे छोटे व्यापारियों को रोजगार का अवसर मिलेगा और नगर का दीपावली बाजार भी व्यवस्थित एवं आकर्षक दिखाई देगा।