नीमच। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नीमच कनावटी में बने 131 एलआईजी भवनों के हितग्राहियों के घरों का सपना गुरुवार को साकार हुआ। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा टाउन हॉल में लॉटरी प्रणाली के माध्यम से आवास नंबरों का पारदर्शी आवंटन किया गया।
कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, नपा अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। मंच से अतिथियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका मकान’ के संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में यह योजना हजारों परिवारों के जीवन में उजाला ला रही है।
लॉटरी में हितग्राहियों ने स्वयं अपने हाथों से टोकन निकालकर आवास नंबर प्राप्त किया। पूरी प्रक्रिया को वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से पारदर्शी तरीके से संपन्न किया गया। मकान हितग्राहियों को धनतेरस के दिन सौंपे जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन राजेश पप्पू मंगल ने किया। इस दौरान नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।