नीमच। मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने गुरुवार को जावद नगर के बाजार में पहुंचकर स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने का संदेश दिया। उन्होंने स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए मिट्टी के दिये खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को जनसमर्थन देने का आह्वान किया।
विधायक सखलेचा ने कहा कि दीपावली केवल प्रकाश का त्योहार नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक सुदृढ़ता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक भी है। यह पर्व स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यवसायियों के लिए आमदनी का महत्वपूर्ण अवसर होता है। ऐसे में हमें स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देकर देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मिट्टी के दिये जलाने से न केवल भारतीय परंपरा जीवंत रहती है, बल्कि इससे स्थानीय छोटे व्यापारियों के घरों में भी खुशहाली आती है।
इस अवसर पर एसडीएम प्रीति संघवी नाहर, सीएमओ जगजीवन शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष सोहनलाल माली, सहित सचिन गोखरू, जयप्रकाश पांडला, सत्यनारायण शर्मा, दशरथ राठौड़ व अन्य वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।