मंदसौर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार अवयस्क बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के अंतर्गत पिपलियामंडी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रभारी निरीक्षक शिवांशु मालवीय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अपहृत 12 वर्षीय नाबालिग बालक को मात्र 48 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया। कार्यवाही पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल और एसडीओपी मल्हारगढ़ नरेन्द्र सोलंकी के मार्गदर्शन में की गई।
घटना का विवरण-
दिनांक 14 अक्टूबर 2025 को थाना पिपलियामंडी पर फरियादी ने अपने 12 वर्षीय पुत्र के अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 310/25, धारा 137(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की।
पुलिस अधीक्षक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बालक की खोज के निर्देश दिए। इसके बाद थाना पिपलियामंडी पर दो टीमें गठित की गईं। टीमों ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर सतत प्रयास करते हुए 16 अक्टूबर 2025 को बालक को सकुशल बरामद कर माता-पिता के सुपुर्द किया।
पुलिस टीम का योगदान-
इस कार्यवाही में निरीक्षक शिवांशु मालवीय (थाना प्रभारी पिपलियामंडी), उनि धर्मेश यादव (चौकी प्रभारी पिपलियामंडी), आरक्षक वाजिद खान, महिला आरक्षक अमीषा मीणा तथा आरक्षक (चा.) चिन्टू मेघवाल का सराहनीय योगदान रहा।
अधिकारियों ने टीम को उनकी त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही के लिए बधाई दी और कहा कि पुलिस की प्राथमिकता बालकों एवं महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।